द फॉलोअप, रांची
राज्यसभा चुनाव के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र खरीदने वाले रवि कुमार यादव उर्फ रवि पीटर विधायकों से समर्थन प्राप्त करने के अभियान में जुट गए हैं। वह आज राजद विधायक संजय यादव और सुरेश पासवान से भी मुलाकात की। उनसे समर्थन की मांग की। मालूम हो कि नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए राज्यसभा चुनाव में न्यूनतम 9 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। उन्होंने बताया कि एक-एक कर वह झामुमो, कांग्रेस, भाजपा व अन्य दलों के विधायकों से भी मिलेंगे। उनसे समर्थन की गुजारिश करेंगे।
रवि पीटर ने कहा कि मैं जीत गया तो परिमल नथवानी की तर्ज पर जनता की सेवा करूँगा। भ्रष्टाचार का कोई आरोप नथवानी पर नहीं लगा। कोई लगा भी नहीं सकता है। उन्होंने केवल झारखंड को देने का काम किया है । जिसने भी मदद माँगी है उनको उन्होंने मदद किया है। मालूम हो कि विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े रवि पीटर भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई लड़ने के अलावा जल, जंगल और जमीन के लिए संघर्षरत रहने का वादा कर रहे हैं।