logo

पाकुड़ में राशन घोटाला! डीलर पर चावल-गेहूं में कटौती का आरोप

पाकुड़ में राशन घोटाला! डीलर पर चावल-गेहूं में कटौती का आरोप

पाकुड़: 

लिट्टीपाड़ा प्रखंड (Littipara Block) में जनवितरण प्रणाली (Public Distribution System) डीलर अरुण ठाकुर पर राशन वितरण में अनियमितता और लाभुकों के हिस्से में कटौती करने का गंभीर आरोप लगा है। वार्ड सदस्य अशोक ठाकुर ने ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर उपायुक्त को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डीलर द्वारा प्रत्येक कार्डधारी के राशन में करीब एक किलोग्राम चावल और एक किलोग्राम गेहूं की कटौती की जाती है। विरोध करने पर राशन नहीं देने की धमकी देने का भी आरोप है। वार्ड सदस्य ने डीलर और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर बने राशन कार्डों की पात्रता की जांच की मांग की है।

इन राशनकार्ड लाभुकों की जांच की मांग
आवेदन में दावा किया गया है कि डीलर के कार्ड संख्या 202001375368 में छह सदस्य दर्ज हैं। इनमें एक सदस्य के सरकारी नौकरी में होने समेत परिवार के आर्थिक रूप से संपन्न होने का उल्लेख करते हुए कार्ड की पात्रता की जांच कराने की मांग की गई है। वहीं कार्ड संख्या 202006371922 में दर्ज ओमप्रकाश ठाकुर के परिवार के वर्तमान में हिरणपुर बाजार में रहने और कार्ड का लाभ लेने पर भी सवाल उठाया गया है। इसी तरह कार्ड संख्या 202006378289 में दर्ज विनोद ठाकुर के परिवार के पाकुड़ में रहने का दावा करते हुए राशन कार्ड की जांच की मांग की गई है। 

गोदाम में राशन के हेरफेर की आशंका
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि राशन वितरण स्थल के गोदाम में 3 दरवाजे खुले रखे जाते हैं, जिससे राशन के हेरफेर की आशंका बनी रहती है। आवेदन के साथ वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए हैं। वार्ड सदस्य ने उपायुक्त से सभी संबंधित राशन कार्डों की पात्रता की जांच, यदि अपात्र पाए जाएं तो कार्ड निरस्त करने, अब तक लिए गए राशन की नियमानुसार रिकवरी तथा डीलर के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
 

Tags - Ration Card ScamRation Card in PakurPakur Ration ScamLittipara BlockJharkhand News