रांची
बिहार एवं झारखंड में सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण कार्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रोटेरियन रथिन भद्र को रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3250 के लिए वर्ष 2026-27 हेतु चेयर-वाटर, सैनिटेशन एवं हाइजीन (WASH) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2026-27 द्वारा की गई है। उन्होंने रथिन भद्र का डिस्ट्रिक्ट 3250 टीम में रिसोर्स पर्सन के रूप में स्वागत करते हुए उन्हें रोटरी के सबसे महत्वपूर्ण सेवा क्षेत्रों में से एक की जिम्मेदारी सौंपी है। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3250 बिहार एवं झारखंड राज्यों में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, सामुदायिक विकास, युवा सशक्तिकरण एवं सतत विकास जैसे विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करता है।

समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ
इस जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए रोटेरियन रथिन भद्र ने कहा कि जल, स्वच्छता एवं हाइजीन का विषय हमेशा से उनके सबसे प्रिय और महत्वपूर्ण विषयों में रहा है तथा वे इस दायित्व के साथ पूर्ण न्याय करने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग मैम एवं उनकी पूरी टीम के मार्गदर्शन, सहयोग और नेतृत्व में बिहार एवं झारखंड में स्वच्छ जल, स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े प्रभावशाली कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिलेगा। चेयर-वाटर, सैनिटेशन एवं हाइजीन के रूप में रथिन भद्र रोटरी क्लबों को सहयोग प्रदान करने, जागरूकता बढ़ाने, विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा जिला स्तर पर प्रभावी कार्यक्रमों के संचालन की दिशा में कार्य करेंगे। रोटरी इंटरनेशनल विश्वभर में अपनी मानवीय सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनहितकारी अभियानों के लिए सम्मानित संस्था मानी जाती है।
