द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में एक ओर जहां बस स्टैंड स्टैंड में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले मुख्य आरोपी को पकड़ा गया, वहीं दूसरी ओर अपराध की योजना बना रहे दो अन्य बदमाशों को भी हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। पहला मामला अंतरराज्यीय बस स्टैंड से जुड़ा है। 23 मार्च की देर रात कुख्यात अपराधी पप्पू खान उर्फ शहीद अली खान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बस स्टैंड पर फायरिंग की थी। इस दौरान छत्तीसगढ़ की बस के कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई और रंगदारी की मांग कर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी पप्पू खान को उचरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। हालांकि, इस वारदात में शामिल उसके दो अन्य साथी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पप्पू खान पर विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 9 मामले दर्ज हैं।

वहीं दूसरा मामला शहर के नगवां मोहल्ले का है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अपराध की योजना बना रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ है। इनमें आदित्य कुमार पर जिले के विभिन्न थानों में 2 मामले दर्ज हैं, जबकि अजित कुमार पर 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गढ़वा एसपी ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस को अहम सफलता मिली है। बस स्टैंड फायरिंग कांड के मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, जो एक नया गैंग बनाकर अवैध रंगदारी वसूलने की फिराक में था। वहीं नगवां मामले में भी समय रहते कार्रवाई कर संभावित अपराध को टाल दिया गया। पुलिस ने शहर में गिरफ्तार अपराधियों की परेड भी कराई, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम हो और अपराधियों में भय का माहौल बने। एसपी ने कहा कि इस सफल कार्रवाई में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत किया जाएगा। गढ़वा पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है और किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
.jpeg)