द फॉलोअप डेस्क
रांची के डोरंडा स्थित मानिटोटोला, फिरदौस नगर के निवासी इस्तियाक रहमान ने इस वर्ष UPSC सिविल सर्विस परीक्षा में सफलता हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। उन्हें इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 354 वीं रैंक प्राप्त हुई है। उनकी इस उपलब्धि से शहर में खुशी और गर्व का माहौल है। इस संबंध में फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि इस्तियाक रहमान की यह सफलता रांची के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि इस्तियाक रहमान पिछले लगभग छह महीनों से हैदराबाद में मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के अंतर्गत हैदराबाद एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। अब सिविल सर्विस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपने परिवार, समाज और पूरे रांची शहर को गौरवान्वित किया है।
तनवीर अहमद ने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि युवा मेहनत, लगन और सही दिशा में तैयारी करें तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस्तियाक रहमान की उपलब्धि उन सभी छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जो सिविल सर्विस जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने रांची के छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि भविष्य में और भी युवा देश की सर्वोच्च सेवाओं में जाकर समाज और देश की सेवा कर सकें। अंत में तनवीर अहमद ने इस्तियाक रहमान और उनके परिवार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
