द फॉलोअप डेस्क
रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित औधड़ बाबा आश्रम के पास बुधवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। कोतवाली एएसपी निखिल राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की हत्या किए जाने की आशंका है। युवक के शरीर पर खून के निशान मिले हैं और जिस स्थिति में शव बरामद हुआ है, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चाकू से वार कर उसकी हत्या की गई है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारण और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में पुलिस की जांच जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने और घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
