द फॉलोअप डेस्क
रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवती का शव सड़क किनारे बरामद किया गया। मृतका मूल रूप से लातेहार जिले की रहने वाली बताई जा रही है और अरगोड़ा क्षेत्र में अपने पति के साथ रह रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार युवती दो दिनों से लापता थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। युवती के पति ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी 19 जून की रात घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई थी।

सड़क किनारे मिला शव, जांच में जुटी एफएसएल टीम
रविवार को तुपुदाना क्षेत्र में सड़क किनारे युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है ताकि मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती आखिरी बार किसके साथ देखी गई थी और घटनास्थल तक कैसे पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार युवती के साथ कोई अप्रिय घटना हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। युवती की पहचान कर ली गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।