रांची
राजधानी रांची के निवासियों को यातायात सुविधा के क्षेत्र में एक बड़ी राहत मिलने जा रही है। सहजानंद चौक से लेकर कांके रोड स्थित जज कॉलोनी के पास तक एक नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस परियोजना को राज्य उच्च पथ प्राधिकरण (स्टेट हाइवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड) द्वारा कार्यान्वित किया जाएगा और इसकी अनुमानित लागत लगभग 326 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड के तहत किया जाएगा।

टेंडर प्रक्रिया शुरू, अक्टूबर में होगा निर्माण आरंभ
इस परियोजना के लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए गए हैं। इच्छुक कंपनियां 8 सितंबर 2025 तक आवेदन कर सकती हैं और 9 सितंबर को टेंडर खोला जाएगा। यदि सब कुछ समय पर होता है, तो अक्टूबर 2025 से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में भू-अर्जन तथा यूटिलिटी (जैसे बिजली के खंभे व पाइपलाइन) के स्थानांतरण का काम भी किया जाएगा। इंजीनियरों के अनुसार, भू-अर्जन की आवश्यकता सीमित है।

फ्लाईओवर की विशेषताएं और रूट डायवर्जन
करीब 3.5 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर रांची के व्यस्तम क्षेत्रों में से एक – रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर – के ऊपर से गुजरेगा। इसके बनने से सहजानंद चौक और हरमू चौक से निकलने वाले वाहन सीधे कांके रोड की ओर जा सकेंगे और जज कॉलोनी के पास उतर कर अपने गंतव्य की ओर बढ़ पाएंगे।
रातू रोड या कचहरी की दिशा में जाने वाले वाहनों के लिए गोशाला के पास एक अलग रैंप का निर्माण किया जाएगा, जिससे उन्हें कांके रोड की ओर न जाकर सीधे उतरने की सुविधा मिलेगी। दूसरी ओर, कांके रोड से आने वाले वाहन इस फ्लाईओवर से होकर सहजानंद चौक के समीप उतरकर हरमू, अरगोड़ा या कडरू की दिशा में बढ़ सकेंगे। इस निर्माण से किशोरगंज चौक और गाड़ीखाना चौक जैसे प्रमुख जाम वाले इलाकों में ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
