logo

झारखंड में 25 मई से 2 जून तक हीटवेव का अलर्ट, गर्म हवाएं करेगी परेशान

garmi3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सहित राजधानी रांची में इन दिनों तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दिन चढ़ते ही गर्म हवा के थपेड़ों ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ काफी कम देखी जा रही है। लगातार बढ़ती गर्मी से लोग घरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ने वाला है। झारखंड में 25 मई से लेकर 2 जून तक नौतपा का कालखंड प्रवेश कर रहा है। नौतपा के दौरान भीषण गर्मी, लू और तेज तपिश का असर अधिक देखने को मिलता है। माना जा रहा है कि इस अवधि में राज्य के कई जिलों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो सकती है।


रांची का तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
शुक्रवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा और चढ़ सकता है। विभाग ने अनुमान जताया है कि 23 मई को तापमान 40 डिग्री, 24 मई को 41 डिग्री और 25 मई तक 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में लोगों को गर्मी और लू से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मई के अंतिम सप्ताह में सूर्य और पृथ्वी के बीच की दूरी अपेक्षाकृत कम हो जाती है। इस दौरान सूर्य की किरणें भारत के मैदानी इलाकों पर अधिक सीधी और लंबवत पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। इसी वजह से उमस और गर्मी दोनों में इजाफा होता है और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाती है। नौतपा का अर्थ नौ दिनों की तीखी और झुलसा देने वाली गर्मी से है।


बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी की दोगुनी
भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में रात के समय बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है। बिजली गुल होने से पंखे और कूलर बंद पड़ जाते हैं, जिससे लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है।


 

Tags - Ranchi Weather Jharkhand News Heat Wave Weather Update Ranchi News