द फॉलोअप डेस्क
रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर उनके साथ दुष्कर्म और दुष्कर्म के प्रयास के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़िताओं में से एक नाबालिग किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दूसरी लड़की को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। गिरफ्तार चार वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को रिमांड होम भेजा गया है।

एक लड़की ने चंगुल से छूटकर पुलिस को जानकारी दी
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि यह मामला तब सामने आया, जब आरोपियों के चंगुल से छुटी एक नाबालिग लड़की ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने तुपुदाना स्थित एक मकान से नाबालिग लड़की का रेस्क्यू किया। साथ ही पुलिस ने मौके पर से छह आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। लड़की ने बताया कि उसके साथ गलत हुआ है। जबकि दूसरी ने कोशिश करने की बात कही है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया। वहीं पुलिस ने नाबालिग लड़कियों का मेडिकल भी कराया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार को जेल और दो नाबालिगों को रिमांड होम भेजा गया है। सिटी एसपी ने बताया कि रेस्क्यू किए गए नाबालिग लड़कियों ने आरोपियों में से कुछ जानने वाले होने की बात कही है।

प्रेमी भी थे शामिल
जानकारी के अनुसार दोनों नाबालिग का प्रेम प्रसंग पकड़े गए दो आरोपियों से चल रहा था। आरोपियों ने नाबालिगों को स्मार्ट सिटी घुमाने के उद्देश्य से बुलाया था। इसके बाद उन्हें एक मकान में ले गया। जहां दोनों के साथ जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। इसी बीच एक नाबालिग मौके से भाग निकली और पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और मौके से सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।