logo

पेट्रोलिंग वाहन को टक्कर मारकर भागने वाला थार चालक गिरफ्तार

नगेप1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची में पुलिस की नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध काले रंग की थार को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन वाहन चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। इस दौरान पेट्रोलिंग वाहन को टक्कर लगने से उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना 14 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे मोराबादी ट्राइबल पार्क के पास हुई। जांच के दौरान पुलिस को एक काले रंग की थार (रजिस्ट्रेशन संख्या JH01EY-0786) संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। वाहन का फ्रंट विंडशील्ड टूटा हुआ था और उसके आगे के बंपर पर मिट्टी लगी हुई थी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।


पेट्रोलिंग वाहन के चालक को सिर में गंभीर चोट
जैसे ही पेट्रोलिंग टीम ने वाहन को रोककर जांच करने का प्रयास किया, चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन दौड़ा दिया। इस दौरान पेट्रोलिंग वाहन का चालक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों ने सिर पर पांच टांके लगाए हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


आरोपी गिरफ्तार, थार भी जब्त
घटना के बाद पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी विश्राम उरांव (38 वर्ष), निवासी बरियातू, रांची को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने संबंधित थार वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Tags - Ranchi Police Crime Thar Jharkhand