द फॉलोअप डेस्क
रांची के सिमलिया स्थित लीवेंस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस से बच्चे को लेने पहुंचे अभिभावक डॉ. दीपक कुमार पर एक व्यक्ति द्वारा डंडे से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में डॉ. दीपक कुमार ने रातू थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, स्कूल परिसर में एक अभिभावक ने उनकी पत्नी के साथ कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग किया था। इसका विरोध करने के बाद उक्त व्यक्ति स्कूल से बाहर निकल गया और आरोप है कि डंडा लेकर डॉ. दीपक कुमार का इंतजार करने लगा। जैसे ही वह बाहर पहुंचे, आरोपी ने उनके सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उनके सिर में गहरा कट लग गया और खून बहने लगा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना कई लोगों की मौजूदगी में हुई। उन्होंने पुलिस को आरोपी की तस्वीर और वाहन संख्या उपलब्ध कराने की बात कही है। वहीं, रातू थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
