logo

रांची में 7 मिनट में 20 लाख की चोरी, घर सूना मिलते ही बदमाशों ने बोला धावा

जदल्ो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित इटकी रोड के डार्लिंग अपार्टमेंट में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने फ्लैट में घुसकर महज सात मिनट के भीतर लाखों रुपये के जेवर और नकदी समेट ली। वारदात व्यवसायी उमेश अग्रवाल के फ्लैट में हुई। घटना के बाद अपार्टमेंट के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस के मुताबिक दोनों संदिग्धों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है और उनकी पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। जानकारी के अनुसार उमेश अग्रवाल लोहरदगा में कारोबार करते हैं। मंगलवार को उनकी पत्नी घर में ताला लगाकर कुछ देर के लिए बाजार गई थीं। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर फ्लैट का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचते ही अलमारी खुली हुई थी और कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद गायब हैं। बदमाश गहनों के खाली डिब्बे और वारदात में इस्तेमाल किए गए स्क्रू ड्राइवर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।


बिना मास्क-हेलमेट पहुंचे चोर, पहचान में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक व फिंगरप्रिंट टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। सिटी एसपी पारस राणा और कोतवाली एएसपी निखिल राय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी बिना मास्क और हेलमेट के साफ दिखाई दे रहे हैं, जिससे पुलिस को उनकी पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


संजय सेठ ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने डीजीपी तदाशा मिश्रा से फोन पर बात कर जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। संजय सेठ ने कहा कि राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का डर खत्म होता दिख रहा है, इसलिए रांची में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू करने पर अब गंभीरता से फैसला लिया जाना चाहिए।

 

Tags - Ranchi Crime Theft Jharkhand Police