द फॉलोअप डेस्क
रांची के अनुमंडल दंडाधिकारी सदर की अदालत ने पूजा कुमारी बनाम संजय चतुर्वेदी मामले की सुनवाई के दौरान रांची सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले और जिला बार एसोसिएशन से जुड़े 15 अधिवक्ताओं को नोटिस जारी किया है। अदालत ने सभी संबंधित अधिवक्ताओं को 11 अगस्त 2026 को स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। मामले की सुनवाई 21 जुलाई 2026 को दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर शुरू हुई थी। इसके बाद अदालत ने द्वितीय पक्ष के रूप में संबंधित अधिवक्ताओं को 5 अगस्त को उपस्थित होकर कारण बताओ जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था, लेकिन निर्धारित तारीख पर उनकी ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ।

गैरहाजिरी के बाद दोबारा जारी हुआ नोटिस
निर्धारित तारीख पर उपस्थिति नहीं होने के बाद अनुमंडल दंडाधिकारी सदर के कार्यालय ने 7 अगस्त को दोबारा नोटिस जारी किया। नोटिस में मामले को संवेदनशील बताते हुए 11 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई में द्वितीय पक्ष की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। नोटिस की एक प्रति कोतवाली थाना प्रभारी को भी भेजी गई है। थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि संबंधित सभी 15 अधिवक्ताओं तक नोटिस पहुंचाकर इसकी रिपोर्ट 11 अगस्त की सुनवाई से पहले अदालत में प्रस्तुत करें।

इन 15 अधिवक्ताओं को भेजा गया नोटिस
नोटिस पाने वाले अधिवक्ताओं में संजय कुमार चतुर्वेदी, संजय कुमार विद्रोही, पवन रंजन खत्री, अमरेंद्र कुमार झा, कीर्ति सिंह उर्फ कीर्ति नारायण सिंह, कृष्णा सिंह, प्रमोद कुमार शर्मा, फर्दा उल रिमान, रितेश रोशन उपाध्याय, शंकर कुमार शर्मा, जगदीश प्रसाद साहू, शशि, एमडी अफरोज, समा परवीन और सहला तबस्सुम शामिल हैं। इससे पहले भी इन अधिवक्ताओं को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद अधिवक्ताओं ने आंदोलन शुरू करते हुए न्यायिक कार्य से खुद को अलग रखा था। अब दोबारा नोटिस जारी होने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है और विवाद के आगे बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं।