logo

रांची में 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे KG से 12वीं तक के स्कूल, चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर प्रशासन अलर्ट

रांची में 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे KG से 12वीं तक के स्कूल, चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर प्रशासन अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क:

चक्रवात ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) के कारण भारी बारिश (Heavy Rain Alert) की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), झारखंड, रांची (Ranchi) के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। रांची जिले को ऑरेंज जोन की श्रेणी में चिह्नित किया गया है। इसके साथ ही तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।

केजी से 12वीं तक की कक्षाएं रहेंगी स्थगित

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 28 और 29 अक्टूबर 2026 को स्थगित रहेगी। हालांकि, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर परीक्षा कराने या स्थगित करने का निर्णय ले सकता है। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन को जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी।

शिक्षकों को स्कूल आना होगा, प्रशासन ने की सतर्कता की अपील

आदेश के मुताबिक, सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को 28 और 29 अक्टूबर को विद्यालय में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का संपादन करना होगा। वहीं, सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में ई-विद्यावाहिनी पर उपस्थिति दर्ज की जाएगी। जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Tags - Ranchi School Closed Ranchi School Holiday 2026 Ranchi School Closed 28 October Ranchi School Closed 29 October