द फॉलोअप डेस्क
रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित खोरहाटोली में अपराधियों ने एक युवक की प्लास से सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात मंगलवार देर रात उस समय हुई, जब युवक अपने दोस्तों के साथ शराब का सेवन कर रहा था। मृतक की पहचान तपोवन कॉलोनी निवासी रमेश ठाकुर के रूप में हुई है। रमेश पेशे से तांत्रिक थे और पहले जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे। मामले में सदर थाना पुलिस ने मृतक के चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, खोरहाटोली में शंकर ठाकुर का एक मकान है, जहां रमेश ठाकुर प्रतिदिन रात में सोने के लिए आते थे। उनका परिवार तपोवन कॉलोनी में रहता है। मंगलवार को भी रमेश अपने घर पर खाना खाने के बाद रात में खोरहाटोली स्थित मकान पहुंचे थे। बुधवार सुबह उसी मकान में रहने वाले किरायेदारों ने देखा कि रमेश कमरे में अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े हैं और उनके सिर से खून बह रहा है। इसके बाद तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

प्लास, शराब की बोतल समेत कई सामान बरामद
सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने कमरे से खून से सना प्लास, शराब की बोतल और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया है कि रमेश ठाकुर की अपने दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने प्लास से उनके सिर पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान यह भी पता चला कि घटना के समय कमरे में रमेश के अलावा अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस ने मकान में रहने वाले किरायेदारों से भी पूछताछ की है ताकि घटनाक्रम की पूरी जानकारी मिल सके।

जमीन विवाद के एंगल पर भी जांच
मामले में सदर थाना पुलिस ने रमेश ठाकुर के चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे केवल आपसी विवाद था या कोई अन्य कारण भी है। जांच में यह भी सामने आया है कि रमेश पहले जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे। इसी वजह से पुलिस जमीन विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
