द फॉलोअप डेस्क
रांची के सदर अस्पताल में NHM के नर्सों और कर्मचारियों ने मंगलवार को कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के विरोध में सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि पिछले पांच महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे आर्थिक संकट गहरा गया है। प्रदर्शन कर रही एक एएनएम ने कहा कि आने-जाने का किराया तक नहीं है और खाने-पीने का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सबकुछ पैसे से ही होता है। इसके बावजूद हम लगातार काम कर रहे हैं। हर बार आश्वासन मिलता है कि आज मिलेगा, कल मिलेगा, लेकिन पांच महीने बीत गए और वेतन अब तक नहीं मिला।

कर्मचारियों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लगातार सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। एनएचएम कर्मियों का कहना है कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने कहा कि अब उनके पास आंदोलन के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। प्रदर्शन में मौजूद जीएम ने भी कहा कि महीनों से सिर्फ भरोसा दिलाया जा रहा है, लेकिन वेतन भुगतान नहीं हो रहा है। ऐसे में आवश्यकता पड़ी तो कार्यालय में ताला लगाकर कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

अधिकारी ने वेतन भुगतान का पता लगाने का दिया भरोसा
घेराव के दौरान स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों से बातचीत की। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि वे यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि कर्मचारियों का वेतन आखिर किस स्तर पर रुका हुआ है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारी के आश्वासन के बाद फिलहाल सभी स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने कार्य पर लौट गए हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि यदि जल्द वेतन भुगतान को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे की रणनीति बनाकर बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।