रांची
रांची प्रेस क्लब में रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की ओर से संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कार्यकारिणी समिति की विशेष बैठक और प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश किरण महतो ने की। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, प्रखंड पर्यवेक्षक और जिला कमेटी के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसमें तय किया गया कि पर्यवेक्षकों की टीम प्रखंडों में जाकर पंचायत और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेगी और जमीनी हालात का आकलन करेगी।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद और एआईसीसी की सीडब्ल्यूसी सदस्य फूलो देवी नेताम ने कहा कि अहमदाबाद अधिवेशन के बाद कांग्रेस पार्टी ने देशभर में संगठन सृजन अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में उन्हें रांची ग्रामीण जिला का पर्यवेक्षक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि वह पंचायत से लेकर विधानसभा स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं से परामर्श लेकर नए जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया पूरी करेंगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य सत्ता का विकेंद्रीकरण और एसटी, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिला और युवाओं को नेतृत्व का अवसर देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लें और ऐसे नेताओं की पहचान करें जो कांग्रेस की विचारधारा और नेतृत्व क्षमता से संपन्न हों।
इस मौके पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने असम दौरे का अनुभव साझा करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस पंचायत स्तर तक बेहद मजबूत है और झारखंड में भी इसी दिशा में संगठन को मजबूत करने का प्रयास जारी है।
.jpg)
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, जिला पर्यवेक्षक परविंदर सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे। डॉ. राकेश किरण महतो ने अपने संबोधन में कहा कि उनके कार्यकाल में विधानसभा चुनाव 2025 में इंडिया गठबंधन ने रांची ग्रामीण की छह में से पांच सीटें जीतीं, जो जिले की इकाई के लिए बड़ी उपलब्धि रही है। कार्यक्रम में विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, कांके विधायक सुरेश बैठा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जिला कमेटी के पदाधिकारी और प्रखंड अध्यक्ष उपस्थित थे।
