logo

रांची RPF ने 13 नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी से बचाया, तस्कर हुए फरार

taskar3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राँची रेल मंडल में मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ ने अपनी सक्रियता दिखाते हुए एक बड़ी मानव तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है। आरपीएफ ने बीते सोमवार की देर शाम एक संयुक्त कार्रवाई में तस्करी कर गोवा ले जाए जा रहे कुल 13 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
आरपीएफ राँची को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 17322 वास्कोडिगामा एक्सप्रेस से नाबालिग बच्चों को काम के बहाने गोवा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट राँची, जीआरपी रांची, मुरी थाना पुलिस और एक एनजीओ की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
और फिर ट्रेन के मुरी स्टेशन से निकलने के बाद टीम ने चलती ट्रेन में सघन जांच की और रांची पहुंचने से पहले कई नाबालिग बच्चों की पहचान कर ली। रांची स्टेशन पर रात लगभग 09.00 बजे ट्रेन के पहुंचते ही टीम ने सभी जनरल कोच में गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कुल 13 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया।
हालांकि कोई भी तस्कर पकड़ में नहीं आ सका। सभी बच्चों को जीआरपी थाना रांची लाया गया। पूछताछ में पता चला कि वे जसीडीह स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे और उन्हें गोवा काम के बहाने ले जाया जा रहा था। बच्चों के आधार कार्ड से पुष्टि हुई कि सभी बच्चे नाबालिग हैं।
 

Tags - jharkhand news jhrakhand khabar jharkhand update news ranchi news ranchi khabar ranchi latest news RPF news ranchi railway station news