logo

रांची : लोटा-पानी रस्म में शामिल होने आए दो बुजुर्गों के शव कुएं से बरामद, इलाके में सनसनी

2ेपोन.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत बसाईर टोली तिगरा गांव में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के बीच स्थित एक कुएं से दो बुजुर्गों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान जरिया बेड़ो निवासी बंधन भगत (50) और पुनई उरांव (60) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बुजुर्ग रविवार को तिगरा गांव में आयोजित एक लोटा-पानी रस्म में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद से ही वे लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मंगलवार रात ग्रामीणों ने कुएं में कुछ संदिग्ध दिखाई देने पर शोर मचाया। पास जाकर देखने पर पानी में दो शव तैरते मिले। ग्रामीणों ने प्रयास कर दोनों शवों को बाहर निकाला और उनकी पहचान की। घटना की खबर मिलते ही जरिया बेड़ो से परिजन और ग्रामीण तिगरा पहुंचे और शवों को अपने साथ ले गए। इस दौरान पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई। बुधवार को मामला रातू थाने तक पहुंचने के बाद पुलिस टीम जरिया बेड़ो पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर थाने लाई। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रातू थाना प्रभारी रामनरायण ने बताया कि प्रारंभिक सूचना पुलिस को सीधे नहीं दी गई थी, लेकिन जानकारी मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। ग्रामीणों का अनुमान है कि दोनों बुजुर्ग अंधेरे में दुर्घटनावश करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिर गए होंगे। कुआं गांव के बीचों-बीच स्थित है और वहां किसी प्रकार की रेलिंग या सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है।