logo

रांची में पुलिस से बदसलूकी युवकों को पड़ी भारी, वर्दी उतरवाने की धमकी पर 2 गिरफ्तार

रांची में पुलिस से बदसलूकी युवकों को पड़ी भारी, वर्दी उतरवाने की धमकी पर 2 गिरफ्तार

रांची

रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना उस वक्त हुई जब मारपीट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम से कुछ युवकों ने बदसलूकी की। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। नकारी के अनुसार घटना 23 मई की है। टाइगर मोबाइल के जवान सुनील कुजूर और आरक्षी शिव प्रकाश नियमित गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:15 बजे प्रभाततारा मैदान के पास दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तीन युवक एक लड़के को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए मिले।


पीड़ित को बचाने पहुंची पुलिस से उलझे आरोपी
पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित युवक को बचाने की कोशिश की और उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों से उलझ पड़े और उनकी वर्दी उतरवाने के साथ जान से मारने की धमकी देने लगे। इतना ही नहीं, सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज भी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद पीसीआर और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अतिरिक्त बल की मदद से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार होने में सफल रहा।


दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार (18) और अभिषेक चौहान (20) के रूप में की है। दोनों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Tags - Ranchi News Crime News Police Action Jharkhand News Arrest Case