रांची
चतरा विधानसभा से लोजपा (आर) के विधायक जनार्दन पासवान के अपह्रत बेटे को रांची पुलिस ने सकुशल ढूंढ़ निकाला है। मिली जानकारी के अनुसार एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर मारपीट के बाद कुछ लोगों के द्वारा चतरा विधायक के बेटे को गाड़ी में जबरन बिठाकर ले जाया गया था। इस मामले को लेकर रांची पुलिस ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर बताया है कि आज यानि 07 सितम्बर को रांची पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के सामने कुछ व्यक्ति काले रंग के स्कॉर्पियो से पहुंचे और चतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के साथ मारपीट करते हुए जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए हैं।
.jpeg)
सघन एंटी क्राइम चेकिंग प्रारंभ की गई
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस द्वारा शहर को सील करते हुए विभिन्न स्थानों पर सघन एंटी क्राइम चेकिंग प्रारंभ की गई। स्थानीय विधानसभा थाना की पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन कर त्वरित कार्रवाई करते हुए अत्यल्प समय में विधायक जनार्दन पासवान के अपहृत पुत्र सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रतर विधिसम्मत कारवाई की जा रही है।
