logo

सिर्फ एक महीने में रांची पुलिस ने काटे Rs 9.50 करोड़ के रिकॉर्ड चालान, सैंकड़ो ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड

ranchitraffic.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
रांची में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जून महीने में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पूरे महीने में 1,24,144 वाहनों का चालान काटा गया जिससे करीब 9.50 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह आंकड़ा मई महीने की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। मई में करीब 50 हजार वाहनों का ही चालान हुआ था।

बुधवार को हुए प्रेस वार्ता में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि सबसे अधिक कार्रवाई नो पार्किंग और हेलमेट नियमों के उल्लंघन पर हुई। नो पार्किंग में 50,500 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया, जबकि बिना हेलमेट चलने वाले 58,743 लोगों का चालान काटा गया।

इसके अलावा पीछे बैठे यात्री के बिना हेलमेट होने पर 547, ओवर स्पीडिंग के 2,118, रेड लाइट जंप करने के 4,612, ऑटो ओवरलोडिंग के 1,359 और ड्रंक एंड ड्राइव के 99 मामलों में कार्रवाई की गई।

765 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित
ट्रैफिक एसपी ने बताया कि लगातार ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले 765 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी बड़ी संख्या में चालान जारी किए गए। ट्रैफिक एसपी ने कहा कि पुलिस का मकसद केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
 

Tags - Ranchi Traffic PoliceTraffic ChallanRoad SafetyTraffic RulesJharkhand News