logo

रांची : अनगड़ा शराब दुकान फायरिंग कांड का खुलासा, रांची पुलिस ने 3 अपराधियों को किया गिरफ्तार

RANCHI9.jpg

रांची 
रांची पुलिस ने अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद बाजार स्थित लाइसेंस प्राप्त शराब की कम्पोजिट दुकान पर हुई फायरिंग मामले का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा, 19 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
यह मामला अनगड़ा थाना कांड संख्या 22/26 से जुड़ा है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि गेतलसूद बाजार में स्थित शराब की दुकान पर तीन अपराधी फायरिंग कर रहे हैं। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच और छापेमारी के बाद 6 मार्च की सुबह जोन्हा स्थित एक मुर्गी पोल्ट्री फार्म के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
•    देव सिंह मुंडा (35 वर्ष) — जोन्हा मुसंगू पुड़ीटोला, अनगड़ा
•    गौतम यादव उर्फ गोल्डन यादव (30 वर्ष) — खलारी बाजार टांड, मैक्लुस्कीगंज
•    भोलू सोनी उर्फ भोलू वर्मा (27 वर्ष) — मधुकम रोड, सुखदेवनगर
कर्मचारियों को धमकाया, काउंटर के पीछे छिपकर बचाई जान
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 3 मार्च को वे तीनों गेतलसूद स्थित शराब दुकान पहुंचे थे और कर्मचारियों से शराब की बोतल देने की मांग कर रहे थे। जब कर्मचारियों ने शराब देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और दुकान पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान दुकान के कर्मचारी किसी तरह काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।


हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से
•    एक देशी रिवॉल्वर
•    एक देशी कट्टा
•    19 जिंदा कारतूस
•    चार मोबाइल फोन
•    एक पल्सर मोटरसाइकिल
बरामद की है। आरोपियों के पास इन हथियारों से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिला।
पुलिस टीम ने चलाया ऑपरेशन
इस कार्रवाई में सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक अनुज उरांव के नेतृत्व में टाटीसिल्वे, अनगड़ा, सिकिदिरी और मुरी ओपी की पुलिस टीम सहित तकनीकी शाखा के अधिकारियों ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags - DESI REVOLVER COUNTRY PISTOL LIVE NEWS CARTRIDGES RECOVERED