logo

रांची पुलिस ने बैटरी चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 5 शातिर चोर गिरफ्तार

sfrtyui.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची पुलिस ने BSNL टावरों और सरकारी विद्यालयों से सोलर बैटरी चोरी करने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में मुनव्वर आलम, मो. जमाल, मो. हुसैन अंसारी, और रितेश कुमार शामिल हैं, जो सभी रामगढ़ जिले के रहने वाले हैं। इन अपराधियों की गिरफ्तारी 2 सितंबर की रात्रि को सिकिदिरी थाना क्षेत्र के टाटी गांव स्थित BSNL टावर से शुरू हुई चोरी की घटनाओं, 12 सितंबर को सिल्ली थाना क्षेत्र के हलमाद गांव स्थित BSNL टावर से हुई चोरी और 15 सितंबर को सिकिदिरी थाना क्षेत्र के टाटी स्थित सरकारी विद्यालय से हुई चोरी के संदर्भ में की गई है।
अपराध की गंभीरता को देखते हुए, सिकिदिरी और सिल्ली थानों में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक, सिल्ली के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी के दौरान इन चारों अपराधकर्मियों को पकड़ा और उनसे गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, सभी अभियुक्तों ने चोरी करने के अपराध को स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य सदस्य मो. जमाल अपने सहयोगी साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना से पहले रेकी किया करता था। रेकी के बाद, वे योजना बनाकर सामुहिक रूप से अलग-अलग टीम बनाकर बैटरी चोरी करते थे। जमाल चोरी की बैटरी को तुरंत ही हज़ारीबाग के कबाड़ी दुकान संचालक फिरोज मलिक को बेच देता था। चोरी के सामान से मिले पैसों को वह रामगढ़ वापस आकर अपने गिरोह के सहयोगी साथियों में बाँट देता था। यह गिरोह चोरी के लिए निजी वाहन जैसे अर्टिगा का प्रयोग करता था, ताकि आम लोगों को उनकी गतिविधियों की भनक न लगे।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह संगठित रूप से काम करता था और इसके सदस्य पूर्व में भी रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना, राजरप्पा थाना, पतरातु थाना और हज़ारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना में चोरी और डकैती जैसे कांडों में जेल जा चुके हैं। इस गिरोह ने अंतिम बार 23 सितंबर की रात्रि को राजरप्पा थाना क्षेत्र से एक स्कूल में लगी बैटरी को चोरी किया था। गिरोह के सदस्यों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी हुई बैटरी, घटना में प्रयुक्त दो वाहन, बैटरी को तौलने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन और घटनास्थल पर प्रयुक्त मोबाइल फोन को बरामद किया है, जिससे वे घटना के समय एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों के विरूद्ध छापेमारी जारी है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



 

Tags - latest ranchi News latest ranchi News ranchi news Updates latest ranchi news ranchi news ranchi updates in hindi ranchi news updates