logo

रांची से लापता 18 महीने की अदिति का 14वें दिन भी सुराग नहीं, पुलिस ने 1 लाख रुपये तक बढ़ाई इनामी राशि

aditi_pandey.jpg

रांची:

राजधानी रांची के कोकर इलाके के खोरहा टोली से 9 मई की शाम से ही लापता डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची अदिति पांडेय की तलाश लगातार जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग रांची पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने पहले घोषित इनाम की राशि में बढ़ोतरी करते हुए बड़ा ऐलान किया है। अब अदिति पांडेय के बारे में सही और सटीक सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। बच्ची की जानकारी देने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जायेगा।

पुलिस-प्रशासन ने जांच और खोज अभियान को और तेज कर दिया है। शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं तकनीकी और मानव खुफिया तंत्र की मदद से भी अदिति की तलाश की जा रही है।

आम लोगों से भी सहयोग की अपील

पुलिस का मानना है कि इनाम राशि बढ़ाने से लोगों के बीच जागरूकता बढ़ेगी और जांच में मदद मिल सकती है। रांची पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इसके साथ ही शहर के कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि किसी प्रकार का सुराग मिल सके। मामले को लेकर आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को अदिति के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि अदिति को जल्द से जल्द सुरक्षित खोज निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं परिवार के लोग लगातार चिंता और उम्मीद के बीच पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

Tags - Ranchi Missing Girl Ranchi Police Search Operation One Lakh Reward Jharkhand Police Alert Police Appeal to Public