द फॉलोअप डेस्क
रांची जिले के पिठौरिया थाना क्षेत्र की बुचा घाटी में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने कार और तीन मोटरसाइकिलों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक मोटरसाइकिल ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय अंकित कुमार और 58 वर्षीय गोपाल राम के रूप में हुई है। दुर्घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

ट्रक चालक की भूमिका की जांच
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान एक बाइक ट्रक में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। सूचना मिलते ही पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को रिम्स भेजा और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

ट्रक और तीनों बाइक जब्त
पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय ने बताया कि घटनास्थल से ट्रक और तीनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है। हादसा ट्रक में किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक की लापरवाही से, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।