logo

17 जुलाई को होगा पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, पीएम मोदी वर्चुअल जुड़ेंगे

जगेको.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची रेल मंडल के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य पूरा हो चुका है और अब दोनों स्टेशनों के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित इन स्टेशनों का उद्घाटन 17 जुलाई को प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। वहीं मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।


आधुनिक सुविधाओं से लैस हुए दोनों स्टेशन
पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन भवन का नया स्वरूप तैयार किया गया है, जिसमें आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पेयजल, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक प्रवेश द्वार और आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली विकसित की गई है। रेलवे का कहना है कि इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।


उद्घाटन समारोह की तैयारियां तेज
रांची रेल मंडल ने उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। रांची रेल मंडल की डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और समारोह को स्थानीय लोगों के लिए भी यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।


रेलवे को बेडरोल चोरी से बड़ा नुकसान
इस बीच रेलवे के सामने एसी कोच से बेडरोल चोरी की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। केंद्रीय रिपोर्ट के अनुसार, रांची मंडल से चलने वाली ट्रेनों के एसी कोच से अब तक 9.31 लाख से अधिक बेडरोल गायब हो चुके हैं। इनमें तौलिया, चादर, तकिया कवर, कंबल और तकिया शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए निगरानी बढ़ाने की बात कही है। अधिकारियों का मानना है कि आधुनिक स्टेशनों के विकास के साथ यात्रियों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, ताकि रेलवे की सुविधाओं का सभी लोग बेहतर तरीके से लाभ उठा सकें।

Tags - Indian Railways Jharkhand Ranchi Railway Station Infrastructure