द फॉलोअप डेस्क
रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में 15 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 35 वर्षीय गुरुदयाल मुंडा ने नाबालिग के घर में ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपनी मां के साथ किराये के मकान में रहती है। आरोपी गुरुदयाल मुंडा का परिवार से पहले से परिचय था और इसी वजह से उसका घर पर आना-जाना था। परिजनों के मुताबिक, 16 अगस्त की रात आरोपी घर में ही रुका था। देर रात करीब 12 बजे मौका पाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। उस समय नाबालिग की मां घर के दूसरे हिस्से में सो रही थी।

बयान के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
वारदात के बाद नाबालिग की तबीयत बिगड़ गई। उसने हिम्मत जुटाकर मां को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मां उसे देर रात एक निजी अस्पताल लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स में इलाज के दौरान नाबालिग का बयान दर्ज किया गया, जिसके आधार पर नामकुम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी राम नारायण सिंह के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है।