logo

नगर निकाय चुनाव रांची : मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना

सोलरह1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

नगर निकाय चुनाव को लेकर आज मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को विधिवत रूप से उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने डिस्पैच सेंटर पहुंचकर संपूर्ण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता काउंटर तथा नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पोलिंग पार्टियों को बैलट बॉक्स, मतपत्र, सील, प्रपत्र, निर्वाचन रजिस्टर और पहचान पत्र सूची सहित सभी सामग्री सुव्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सामग्री प्राप्ति के बाद उसका मिलान सुनिश्चित करते हुए ही प्रस्थान कराया जाए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान कर्मियों से बैलट बॉक्स खोलने और बंद करने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित प्रक्रिया का अक्षरशः पालन करते हुए सीलिंग और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।