logo

वर्षों से अतिक्रमित भूमि को मुक्त करा कर जनोपयोगी निर्माण करा रहा है रांची नगर निगम

वर्षों से अतिक्रमित भूमि को मुक्त करा कर जनोपयोगी निर्माण करा रहा है रांची नगर निगम

द फॉलोअप, रांची
रांची नगर निगम की पिछले एक वर्ष से चली आ रही मेहनत अब जमीन पर दिखाई देने लगी है। निगम की जिन संपत्तियों और महत्वपूर्ण भूमियों पर वर्षों से अतिक्रमण अथवा अनधिकृत कब्जे की स्थिति बनी हुई थी, उन्हें चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमणमुक्त कर अब सुरक्षित एवं संरक्षित किया जा रहा है। इन भूमियों का सीमांकन, बाउंड्री वॉल निर्माण तथा भविष्य में जनोपयोगी योजनाओं के लिए उनका सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में निगम ने पिछले एक वर्ष में व्यापक कार्रवाई की है।


इन महत्वपूर्ण निगम भूमियों को कराया गया अतिक्रमणमुक्त

एदलहातू में लगभग 4.8 एकड़, कुसुम बिहार में 78.65 डिसमिल, करमटोली तालाब में 51 डिसमिल, ग्वाला टोली, डोरंडा में लगभग 1.20 एकड़ तथा उर्दू स्कूल, थड़पखना में 31.5 डिसमिल भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है। सीमांकन के पश्चात इन स्थलों पर बाउंड्री वॉल निर्माण की कार्रवाई की जा रही है।

मोरहाबादी इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन, मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस, नागा बाबा खटाल एमआरएफ सेंटर, ट्रेकर स्टैंड एमआरएफ सेंटर एवं बकरी बाजार स्टोर जैसी महत्वपूर्ण निगम परिसंपत्तियों को भी सुरक्षित एवं संरक्षित करने के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

धुर्वा आश्रय गृह, जगन्नाथपुर आश्रय गृह एवं खादगढ़ा आश्रय गृह की परिसंपत्तियों के संरक्षण के लिए भी बाउंड्री वॉल निर्माण की कार्रवाई की जा रही है।

बड़ा घाघरा में लगभग 2.80 एकड़, मानिटोला में लगभग 5 एकड़, पिंजरा पोखर/गौशाला चौक में लगभग 11 डिसमिल, डोरंडा बाजार में लगभग 1 एकड़ तथा बूटी मोड़ चौक में लगभग 0.44 एकड़ भूमि को भी अतिक्रमणमुक्त कर सीमांकन एवं संरक्षण की कार्रवाई की गई है।

तुपुदाना में NIFT के समीप, कांटाटोली बस स्टैंड, बड़गाई, बाधगाड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में भी सरकारी एवं निगम से संबंधित भूमियों को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई की गई है।

अब अतिक्रमणमुक्त भूमि पर दिखेगा जनहित का विकास

अतिक्रमणमुक्त की गई महत्वपूर्ण भूमियों में से मोरहाबादी इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन, मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस, बूटी मोड़ एवं डोरंडा बाजार क्षेत्र में व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वेंडिंग जोन विकसित किए जाने का प्रस्ताव है, जिससे फुटपाथ एवं सड़क किनारे बिखरे हुए वेंडिंग को व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा। इसी क्रम में दैनिक मजदूरों को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डोरंडा बाजार एवं लोवाडीह में लेबर चौक विकसित किया गया है। निगम की अन्य उपयोगी भूमियों पर भी लाइब्रेरी, आश्रय गृह, सार्वजनिक सुविधाएं, स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी आधारभूत संरचनाएं तथा अन्य जनोपयोगी योजनाएं विकसित किए जाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

Tags - Ranchi Municipal Corporation encroachment campaign fencing public utility construction