द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के मांडर में अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामू के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह गुरुवार देर रात दूध लेकर पीको गांव स्थित डेयरी केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से रामू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

डेयरी केंद्र पहुंचते ही की गई फायरिंग
रामू दूध बेचने का काम करते थे और प्रतिदिन डेयरी केंद्र में दूध पहुंचाते थे। गुरुवार की रात भी वह अपनी नियमित दिनचर्या के तहत दूध लेकर केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मारकर फरार हो गए। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी
खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुवार देर रात डेयरी केंद्र में दूध पहुंचाने के दौरान रामू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी है।