द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के कांके थाना क्षेत्र में अपराधियों ने कृषि विभाग के पदाधिकारी रामाशंकर प्रसाद के आवास में लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार, हथियारों से लैस अपराधी घर में घुसे और पिस्तौल व धारदार हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेत नकदी समेट ली। लूटे गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग दहशत में आ गए।

अन्य पहलुओं की हो रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल का जायजा लेने के साथ अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस लूट की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल, अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।