logo

मौज-मस्ती के लिए चोरी, फिर मेन रोड में शॉपिंग; जगन्नाथपुर मंदिर के गार्ड बिरसा मुंडा हत्याकांड का खुलासा

ेेज5.jpg

रांची
रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में सुरक्षा गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या और दान पेटी चोरी मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। रांची एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कल सूचना मिली थी कि मंदिर परिसर में गार्ड की हत्या कर दी गई है और दान पेटी तोड़कर पैसे चोरी कर लिए गए हैं। इसके बाद सिटी एसपी और ग्रामीण हटिया डीसीपी के नेतृत्व में जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों को डिटेन किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।


पत्थर से कूचकर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पत्थर से कुचलकर गार्ड बिरसा मुंडा की बेरहमी से हत्या की। घटना में इस्तेमाल पत्थर और लोहे की छड़ बरामद कर ली गई है। दान पेटी से करीब 3 लाख रुपये चोरी किए गए थे, जिनमें से कुछ पैसे आरोपियों ने मेन रोड पर जाकर शॉपिंग और मौज-मस्ती में खर्च कर दिए। पुलिस ने शेष रकम बरामद कर ली है। बताया गया कि आरोपियों को अय्याशी के लिए पैसे की जरूरत थी और इसी वजह से उन्होंने चोरी की योजना बनाई।


एक अभियुक्त पहले भी जेल जा चुका है
इस मामले में तीन आरोपी देव कुमार उर्फ रचित कुमार, विकास महली और आयुष कुमार दत्ता को गिरफ्तार किया गया है, जो सभी जगन्नाथपुर इलाके के रहने वाले हैं। मुख्य आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, चोरी के दौरान पकड़े जाने के डर से ही आरोपियों ने गार्ड की हत्या कर दी। वहीं, ऑफ कैमरा पुलिस ने यह भी संकेत दिया कि आरोपियों में से एक घटना के बाद हुए विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुआ था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

 

Tags - Ranchi news Jagannath temple murder Jharkhand crime news guard murder case donation theft police investigation accused arrested crime update