logo

रथ यात्रा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था बदली, 16 से 25 जुलाई तक कई मार्गों पर डायवर्जन 

RATH0028.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा और मेले को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने 16 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने की घोषणा की है। इस अवधि में जगन्नाथपुर रथ यात्रा और 25 जुलाई को होने वाले रथ वापसी (घुरती मेला) के दौरान कई मार्गों पर वाहनों के आवागमन में बदलाव रहेगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित रूट का पालन करने और अनावश्यक भीड़ से बचने की अपील की है। यातायात पुलिस के अनुसार बिरसा चौक से मेला जाने वाले वाहन शहीद मैदान में पार्क किए जाएंगे। तुपुदाना, हटिया और धुर्वा से आने वाले वाहनों के लिए प्रभात तारा मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं रिंग रोड से शहर और मेला जाने वाले भारी एवं हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होकर गुजरेंगे तथा तिरिल मोड़ के पास हेलीपैड में पार्किंग करेंगे।


कई मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंध और डायवर्जन
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तिरिल मोड़ से मोराबादी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मोराबादी गोलचक्कर और प्रभात तारा तीनमुहान से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, सवारी वाहन और मोटरसाइकिल के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं बिरसा चौक, सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए रिंग रोड जाने तथा शहर आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।


आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्ग भी किए जा सकते हैं बंद
पुराना विधानसभा क्षेत्र की ओर से मेला जाने वाले बड़े वाहन और मिनी बसों को शहीद मैदान के पास बने पार्किंग स्थल पर खड़ा करना होगा। यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि भीड़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से ट्रैफिक डायवर्ट या वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है। लोगों से अपील की गई है कि रथ यात्रा के दौरान पुलिस के निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Tags - Ranchi Traffic Advisory Jagannathpur Rath Yatra Traffic Diversion Ranchi Police Jagannathpur Fair