logo

रांची के जगन्नाथपुर से लापता इंटर की छात्रा का मुंबई में मिला लोकेशन, प्रेम-प्रसंग का है मामला!

WhatsApp_Image_2026-06-22_at_3_10_34_PM.jpeg

रांची
जगन्नाथपुर से बीते 19 जून से लापता 16 वर्षीय इंटर प्रथम वर्ष की छात्रा का सुराग मिला है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए किशोरी का लोकेशन मुंबई में ट्रैक किया है। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें छात्रा एक युवक के साथ मुंबई चली गई थी। जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे वापस रांची लाने के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। 
बीमार होने का आवेदन देकर कॉलेज से निकली थी छात्रा
लापता छात्रा इंटर प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। घटना के दिन वह हमेशा की तरह अपनी यूनिफॉर्म पहनकर कॉलेज गई थी। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी, तो परेशान परिजन उसकी तलाश में कॉलेज पहुंचे। वहां प्रबंधन से पूछताछ करने पर पता चला कि छात्रा ने सुबह 10:09 बजे तबीयत खराब होने का एक आवेदन दिया था और छुट्टी लेकर कॉलेज परिसर से बाहर निकल गई थी। छात्रा के अचानक गायब होने से सहमे पिता ने इस संबंध में स्थानीय विधानसभा थाना में FIR दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जब तकनीकी टीम की मदद से जांच शुरू की, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, यह मामला पूरी तरह से प्रेम-प्रसंग का है। छात्रा अपनी मर्जी से एक युवक के साथ भागकर मुंबई चली गई थी। 
परिजन मुंबई रवाना, रांची लौटने पर होगी पूछताछ
पुलिस द्वारा छात्रा का मोबाइल लोकेशन मुंबई में ट्रैक किए जाने के बाद इसकी सूचना तुरंत उसके परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन बेटी को सुरक्षित वापस रांची लाने के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि  छात्रा के रांची लाये जाने पर पुलिस पूछताछ करेगी।

Tags - Ranchi News Missing Girl Mumbai Love Affair Case Jharkhand News