logo

रांची के इस्लामनगर से लापता दो बच्चे सुरक्षित मिले, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

islam.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के इस्लामनगर इलाके से दो बच्चों के अचानक लापता होने की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। 12 वर्षीय समर और 10 वर्षीय सदफ के घर से गायब होने के बाद परिजनों में दहशत का माहौल बन गया। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही सिटी एसपी, सिटी डीएसपी, कोतवाली डीएसपी और सदर डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी रात इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि दोनों बच्चे कांटाटोली स्थित अपने एक मित्र के घर चले गए थे। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली। रांची पुलिस की तत्परता और सक्रियता से एक संभावित बड़ी घटना टल गई।