द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह गिरोह नशे की खेप एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए ट्रेनों की पैंट्री कार में काम करने वाले कर्मचारियों का इस्तेमाल करता था। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है। अब एनसीबी सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। एजेंसी को उम्मीद है कि विस्तृत पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं।

छह आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांची के अपर बाजार निवासी रजत जैन, अरगोड़ा के उदित कुमार, गिरिडीह के आकाश मल्होत्रा, बोरेया की स्नेहा पासवान, जमशेदपुर के जुगसलाई निवासी मिलन सिंह और ऋषभ जैन के रूप में हुई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, चार आरोपियों को 14 अक्टूबर को, मिलन सिंह को 15 अक्टूबर को और ऋषभ जैन को इसके बाद गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी इन सभी से पूछताछ कर गिरोह के काम करने के तरीके, नशीले पदार्थों की आपूर्ति और इनके संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर एक अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह के लिए काम कर रहे थे। इस नेटवर्क का दायरा रांची और जमशेदपुर से आगे दिल्ली और जयपुर तक फैला होने की बात कही जा रही है। जांच एजेंसी को संदेह है कि इस गिरोह के जरिए अलग-अलग शहरों में मादक पदार्थों की आपूर्ति की जाती थी। दिल्ली में पहले हुई छापेमारी से मिले इनपुट के आधार पर रांची और जमशेदपुर में भी कार्रवाई की गई।

विदेशी नंबरों से संपर्क की भी जांच
जांच के दौरान एक आरोपी के विदेशी मोबाइल नंबरों के संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद एजेंसी इस नेटवर्क के संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसके तार थाइलैंड, नाइजीरिया, ब्रिटेन या अमेरिका जैसे देशों से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इन देशों से नेटवर्क का सीधा संबंध होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इसी मामले में रांची के मोरहाबादी और कांके रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक को 26 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एनसीबी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में किन लोगों की क्या भूमिका रही है। एनसीबी की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से कुल 18 ग्राम कोकीन, 16.5 ग्राम एमडीएमए (MDMA) और 3.5 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसके अलावा एक हुंडई एक्सेंट कार भी जब्त की गई है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH 01 CA 0936 है। बरामद मादक पदार्थों और वाहन के इस्तेमाल को लेकर भी जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए जाते थे, किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इनकी आपूर्ति के लिए किन माध्यमों का सहारा लिया जाता था।
.jpeg)
रेव पार्टियों में नशीले पदार्थों के इस्तेमाल की आशंका
इस कार्रवाई के बाद रांची में आयोजित होने वाली निजी पार्टियों में मादक पदार्थों की संभावित आपूर्ति का मुद्दा भी जांच के दायरे में आ गया है। जानकारी के मुताबिक, शहर के कुछ निजी फार्म हाउसों, सुनसान स्थानों और घरों में रात के समय पार्टियां आयोजित किए जाने की बात सामने आई है। ऐसी पार्टियों में तेज संगीत के बीच कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ आयोजक इवेंट मैनेजमेंट की आड़ में ऐसी गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इन आयोजनों और गिरफ्तार आरोपियों के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। एनसीबी अब इस पहलू पर भी नजर रख रही है, ताकि नशे की आपूर्ति करने वाले लोगों के साथ-साथ इसके संभावित खरीदारों और आयोजकों तक पहुंचा जा सके।