द फॉलोअप डेस्क
रांची में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। रविवार देर रात करीब 2 बजे चुटीया थाना क्षेत्र में होमगार्ड जवान को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने चाकू के बल पर जवान की स्कूटी छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान गणेश राम अपनी ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से रेलवे कॉलोनी स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पीछे पंचवटी चौक के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। जवान कुछ समझ पाते, उससे पहले बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और स्कूटी लेकर फरार हो गए।

वर्दी और टोपी फेंककर छिपाई पहचान
वारदात के दौरान अपराधियों की एक चौंकाने वाली हरकत भी सामने आई। बताया जा रहा है कि स्कूटी लूटने के बाद बदमाशों को एहसास हुआ कि वाहन पर पुलिसकर्मी की वर्दी और टोपी रखी हुई है। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने जवान की वर्दी और टोपी बीच रास्ते में ही फेंक दी, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे।

इलाके में बढ़ी दहशत, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस महकमे में भी चिंता का माहौल है। राजधानी में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षाकर्मियों तक को निशाना बनाए जाने से पुलिस की गश्त और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।