द फॉलोअप डेस्क
रांची के हिनू निवासी इंजीनियर दंपती अंकित रंजन और उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा के नेपाल में लापता होने की जानकारी सामने आई है। दोनों यूके से नेपाल घूमने पहुंचे थे, लेकिन वहां जाने के बाद से उनका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है। अंकित रंजन वर्तमान में यूके के नागरिक हैं और जेपी मॉर्गन में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं। उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा भी यूके में इंजीनियर हैं। परिवार के मुताबिक, दोनों 26 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे। इसके बाद से दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

छोटे भाई से आखिरी बार हुई थी बात
अंकित रंजन के छोटे भाई तनय रंजन ने बताया कि 26 अगस्त की सुबह बड़े भाई से उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय अंकित दस्तावेज तैयार कराने के सिलसिले में रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे। बातचीत के बाद दोनों से संपर्क नहीं हो सका। तनय के अनुसार, भाई और भाभी के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार उनकी तलाश में जुटा है। दोनों के अचानक संपर्क से बाहर होने से परिजन काफी चिंतित हैं और उनके सकुशल मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।

2009 में रांची छोड़कर यूके चले गए थे अंकित
तनय रंजन ने बताया कि अंकित रंजन ने वर्ष 2009 में रांची छोड़ दी थी और इसके बाद यूके चले गए थे। वह लंबे समय से वहीं रहकर इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे और वर्तमान में जेपी मॉर्गन से जुड़े हुए हैं। उनकी पत्नी भी यूके में इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं। तनय रंजन फिलहाल नासिक में रहते हैं। परिवार के मुताबिक, नेपाल पहुंचने के बाद से अंकित और अंकिता से किसी तरह का संपर्क नहीं हो पाया है। परिजन दोनों की तलाश के लिए प्रयास कर रहे हैं और उनके सुरक्षित मिलने को लेकर लगातार चिंतित हैं।