द फॉलोअप डेस्क
रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने निजाम नगर स्थित मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ कर उनके शीशे चकनाचूर कर दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

सुबह लोगों को मिली वारदात की जानकारी
स्थानीय निवासी इमरान ने बताया कि उनकी कार को भी बदमाशों ने निशाना बनाया और उसका शीशा तोड़ दिया। मंगलवार सुबह जब वाहन मालिक घरों से बाहर निकले तो अपनी गाड़ियों की टूटी हालत देखकर हैरान रह गए। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इस तोड़फोड़ में कई कंपनियों के वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस के अनुसार, एक डीएसपी स्तर के अधिकारी की कार भी बदमाशों के निशाने पर आई और उसका भी शीशा तोड़ दिया गया। लगातार कई वाहनों को नुकसान पहुंचाए जाने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
सूचना मिलने के बाद हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना को किसी एक व्यक्ति ने अंजाम दिया या इसके पीछे किसी गिरोह का हाथ है। हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी अरुण महता ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।