द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
राजधानी रांची में शुक्रवार को तेज बारिश और हवा का असर विमान परिचालन पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के कारण इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुल चार फ्लाइट को डायवर्ट किया गया। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट को री-शेड्यूल किया गया है।
पुणे-रांची फ्लाइट बनारस डायवर्ट
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की पुणे-रांची फ्लाइट, जो सुबह 7:55 बजे रांची पहुंचती है, उसे खराब मौसम के कारण बनारस डायवर्ट कर दिया गया। वहीं, इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट, जिसके सुबह 8:05 बजे रांची पहुंचने का निर्धारित समय था, वापस कोलकाता लौट गई।
.jpeg)
मुंबई-रांची फ्लाइट भी कोलकाता डायवर्ट
एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-रांची फ्लाइट, जिसके सुबह 8:20 बजे रांची पहुंचने का समय निर्धारित था, को रांची आने के बाद कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा इंडिगो की दिल्ली-रांची फ्लाइट, जो सुबह 8:30 बजे रांची पहुंचती है, उसे भी बनारस डायवर्ट किया गया।

दिल्ली-रांची फ्लाइट री-शेड्यूल
वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट, जिसके सुबह 8:25 बजे रांची पहुंचने का निर्धारित समय था, उसे री-शेड्यूल किया गया है। जानकारी के अनुसार, इस फ्लाइट के सुबह 10:10 बजे रांची पहुंचने की संभावना है। रांची में शुक्रवार को मौसम खराब रहने और गरज-चमक के साथ तेज हवा की संभावना के बीच विमान परिचालन प्रभावित हुआ। यात्रियों को अपनी फ्लाइट के ताजा स्टेटस के लिए संबंधित एयरलाइन से जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।