रांची
राजधानी के नगड़ी थाना क्षेत्र के एवेन्यू रिसॉर्ट में मंगलवार देर रात पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग और मारपीट की घटना ने सनसनी फैला दी। गोलीबारी की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में बजरंग महतो भी शामिल हैं, जो नगड़ी इलाके के जाने-माने व्यक्ति हैं और उनका परिवार राजनीतिक रूप से सक्रिय रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रिसॉर्ट में देर रात तक पार्टी चल रही थी। इसी दौरान कुछ युवक उत्साह में अपनी पिस्तौल निकालकर हवा में गोलियां दागने लगे। अचानक हुई इस फायरिंग से अफरातफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस ने रिसॉर्ट में छापेमारी की और बिना देर किए चार युवकों को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ कर रही है और अन्य शामिल लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने पुष्टि की है कि एवेन्यू रिसॉर्ट में हर्ष फायरिंग और मारपीट की घटना घटी थी, जिसमें चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।