logo

परी से धनवर्षा का लालच, अप्राकृतिक योनाचार और फिर तांत्रिक का मर्डर

tantra_mantra_image_logo_with.jpg

रांची
बिना मेहनत रातों-रात अमीर बनने की चाह कई बार लोगों को ऐसे जाल में फंसा देती है, जिसका अंजाम बेहद खौफनाक होता है। राजधानी रांची के कोकर निवासी कथित तांत्रिक रमेश ठाकुर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कथित तांत्रिक द्वारा धन वर्षा कराने का झूठा भरोसा दिलाने से नाराज होकर तीन युवकों ने उसकी हत्या की थी। गिरफ्तार आरोपियों में डोरंडा के पोखरटोली निवासी अमित चौधरी, लोअर बाजार निवासी सचिन गुप्ता और लालपुर निवासी निरंजन स्वांसी शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने एक पिस्टल, कारतूस, खोखा, खून से सना प्लास, मृतक के रोल्ड गोल्ड के आभूषण, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। 
अमीर बनने की चाह में पहुंचे थे कथित तांत्रिक के पास
रांची सिटी एसपी पारस राणा ने शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि रमेश ठाकुर कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और ओझा-गुनी का काम करता था तथा लोगों का दरबार लगाता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अमीर बनने की चाह रखने वाले कई युवा उसके संपर्क में आते थे। गिरफ्तार तीनों आरोपी भी धन वर्षा और कथित चमत्कार की उम्मीद में उसके संपर्क में पहुंचे थे। जब उनकी उम्मीदें पूरी नहीं हुईं तो उन्होंने हत्या की साजिश रच डाली।
झूठे वादों से नाराज होकर बनाई हत्या की योजना 
पुलिस के मुताबिक, रमेश ठाकुर युवकों को कथित रूप से यह विश्वास दिलाता था कि विशेष अनुष्ठान के माध्यम से उन पर धन वर्षा होगी। जांच के दौरान आरोप यह भी सामने आया है कि वह इस बहाने युवकों का यौन शोषण करता था। अमित चौधरी की उससे पहले पहचान हुई, जिसके बाद सचिन गुप्ता और निरंजन स्वांसी भी उसके संपर्क में आने लगे। काफी समय तक कथित प्रक्रिया का पालन करने के बावजूद जब उन्हें कोई परिणाम नहीं मिला तो तीनों निराश हो गए। इसके बाद उन्होंने योजना बनाई कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे रमेश ठाकुर की हत्या कर देंगे। 
पहले गोली चलाई, फिर प्लास से वार कर की हत्या
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन तीनों आरोपी रमेश ठाकुर के घर पहुंचे। वहां कथित अनुष्ठान के बाद भी जब उन्हें कोई कथित चमत्कार नहीं दिखा, तो एक आरोपी ने अपने साथ लाई पिस्टल से उस पर गोली चला दी। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने वहां रखे प्लास से रमेश ठाकुर के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Tags - Ranchi Jharkhand Crime Tantrik Murder Case Ranchi Police Breaking News