logo

रांची में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, NDRF-SDRF की टीमें रहेंगी अलर्ट

रांची में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, NDRF-SDRF की टीमें रहेंगी अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
मां दुर्गा की विदाई की बेला आ गई है। बुधवार को राजधानी रांची में मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। मां को विदाई देने का यह अवसर श्रद्धालुओं के लिए भावुक करने वाला है। विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के विभिन्न डैम, तालाबों और अन्य जलाशयों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विसर्जन स्थलों पर खतरे के निशान निर्धारित किए गए हैं, जबकि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें हाई अलर्ट पर रहेंगी। प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डैम और तालाबों में निर्धारित सीमाओं का पालन अनिवार्य किया गया है। खतरे के निशान से आगे NDRF की टीम सुरक्षा घेरा बनाकर तैनात रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति गहरे पानी की ओर न जा सके। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विसर्जन के दौरान दुर्घटनाओं को रोकना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। संवेदनशील घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों और नावों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षित आवागमन के इंतजाम किए गए हैं। मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी, ताकि किसी दुर्घटना या चोट लगने की स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके और जरूरत पड़ने पर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सके।

पुलिस की निगरानी में निकलेंगे जुलूस

प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पूजा समितियों के जुलूस के साथ पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जुलूस निकलने से लेकर प्रतिमा विसर्जन और वापसी तक पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील धार्मिक स्थलों और पूर्व में विवाद हो चुके स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। जुलूस में उपद्रव करने, मारपीट, छेड़खानी या छीना-झपटी करने वालों की गतिविधियों पर नजर रहेगी। इसके लिए CCTV और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भड़काऊ गानों और सोशल मीडिया की अफवाहों से बचने की अपील

एसएसपी राकेश रंजन ने श्रद्धालुओं और पूजा समितियों से राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान अश्लील, आपत्तिजनक या भड़काऊ गाने नहीं बजाए जाएं। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल में निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा। धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखते हुए आपसी सौहार्द के साथ विसर्जन संपन्न कराने की अपील की गई है। एसएसपी ने सोशल मीडिया पर भी सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यता की पुष्टि किए आगे प्रसारित न करें, ताकि अफवाहों से माहौल खराब न हो।

शराब पीकर जुलूस में शामिल होने और हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर विसर्जन जुलूस में शामिल होने, हुड़दंग करने, मारपीट करने या छेड़खानी जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने आम लोगों से पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु पूरे आस्था और उत्साह के साथ मां दुर्गा को विदाई दें, लेकिन सुरक्षा नियमों का पालन जरूर करें। प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मुस्तैद हैं।

Tags - Ranchi News Durga Puja Ranchi Police Idol Immersion Jharkhand News