logo

रिश्तों का कत्ल, गोद ली हुई बेटी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर मां की हत्या की; कब्र से शव निकालकर शुरू हुई जांच

ोुुु.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां गोद ली हुई 17 वर्षीय बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां नाहिद परवीन की हत्या कर दी। छह महीने की बच्ची को साढ़े 16 साल पहले गोद लेने वाली मां ने जिस बेटी को कलेजे से लगाकर पाला, उसी ने पैसों के लालच में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। नाहिद मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं और शादी के बाद रांची में बस गई थीं। उनके पति बिजली विभाग में कार्यरत थे, जिनका चार साल पहले निधन हो चुका है।

नाहिद की अपनी संतान नहीं थी
नाहिद की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने छह माह की बच्ची को गोद लिया था, इस उम्मीद के साथ कि वह बुढ़ापे का सहारा बनेगी। उन्होंने बेटी के पालन-पोषण में कोई कमी नहीं छोड़ी। लेकिन समय के साथ परिवार में पैसों को लेकर तनाव बढ़ता गया। नाहिद के बैंक खाते में करीब 25 लाख रुपये जमा थे और बैंक से जुड़े काम उनकी बेटी ही संभालती थी।

पैसों के विवाद ने लिया खौफनाक रूप
आरोप है कि बेटी ने बिना मां को बताए बैंक से 15 लाख रुपये निकाल लिए और यह रकम अपने प्रेमी अरबाज खान को दे दी। जब नाहिद ने पैसों के बारे में पूछा, तो मां-बेटी के बीच विवाद बढ़ गया। 25 अप्रैल की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जो हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद बेटी ने अपने प्रेमी को इस पूरे मामले की जानकारी दी।

साजिश के तहत की गई हत्या
शनिवार रात अरबाज अपने साथियों शाहिद, समीर और हासिम के साथ नाहिद के घर पहुंचा। वहां विवाद और बढ़ गया, जिसके बाद धारदार हथियार से नाहिद की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना को छिपाने के लिए बेटी ने अपने रिश्तेदारों को बताया कि उसकी मां की मौत बाथरूम में गिरने से हुई है।

कब्र से निकला शव, सच आया सामने
रविवार को नाहिद को डोरंडा कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। लेकिन शव को नहलाने के दौरान परिजनों ने शरीर पर कई चोट के निशान देखे, जिससे शक गहराया। बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर बेटी ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी। इसके बाद परिजनों ने डोरंडा थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच और गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की साजिश की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि उसने अपनी मां की हत्या के लिए अरबाज को 15 लाख रुपये दिए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अरबाज खान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम
कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में डोरंडा कब्रिस्तान से नाहिद का शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया। इस मामले में मृतका के रिश्तेदार मो. हलीम के बयान पर नाबालिग बेटी समेत सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

 

Tags - Ranchi news Jharkhand crime Murder case Family crime Breaking news India news