द फॉलोअप डेस्क
रांची के सदर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दोनों पैरों से दिव्यांग महिला प्रीति कुमारी ने अपने पति सूरज कुमार दिनकर, ससुराल पक्ष के सदस्यों और एक महिला पर जानलेवा हमला करने तथा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने अपने और अपने दोनों मासूम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।

पति दूसरी महिला के साथ रहने लगा
पीड़िता के अनुसार, उसका पति कई दिनों से घर से गायब था और बच्चों के भरण-पोषण के लिए कोई आर्थिक सहायता भी नहीं दे रहा था। तलाश करने पर उसे जानकारी मिली कि उसका पति किसी दूसरी महिला के साथ रह रहा है। आरोप है कि 12 जुलाई को जब वह अपने दो बच्चों के साथ वहां पहुंची तो मौजूद महिला ने उसे स्कूटी से घसीटकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद लोहे की पाइप और सरिया से उसके सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

दिव्यांगता का उड़ाया मजाक
प्रीति कुमारी का आरोप है कि हमले के दौरान उसके ससुर, देवर और भांजे ने उसे बचाने के बजाय उसकी दिव्यांगता का मजाक उड़ाया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद किसी तरह वह अस्पताल पहुंची, जहां उसका इलाज कराया गया। पुलिस ने महिला की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।