logo

धुर्वा में एक व्यक्ति ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाया पुलिस प्रताड़ना का आरोप, SSP ने दो पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

d_maut.jpg

रांची 

राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के डीटी क्वॉटर के समीप एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले को लेकर इलाके में सनसनी फैल गयी है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार डिप्रेशन में आकर पेशे से चालक प्रधान यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दरअसल कुछ दिनों पहले ही प्रधान यादव और उनके पड़ोसियों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। जिसके बाद उन्होंने मामले को लेकर धुर्वा थाना में शिकायत दर्ज किया था। वहीं उनकी मौत के बाद परिजनों ने शव को लेकर धुर्वा थाना गेट के सामने बैठ गए।

थाना प्रभारी को भी निलंबित करने की अनुशंसा

उन्होंने धुर्वा थाने के आइओ और जमादार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधान यादव शिकायतकर्ता थे बावजूद इसके पुलिस इन्हें ही परेशान कर रही थी। इन पुलिसकर्मियों के प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस के आइओ लालमोहर पांडेय और जमादार जितेंद्र टुडू को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ धुर्वा थाना प्रभारी को भी निलंबित करने की अनुशंसा जोनल आईजी से की गई है। इसके साथ ही हटिया डीएसपी के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Suicide Case Ranchi Hanging Death Alleged Suicide Neighbour Disputeranchi police