logo

रांची के सेक्टर-3 मार्केट में चार दुकानों के ताले टूटे, चोरी की वारदात से दुकानदारों में नाराजगी

वतही4.jpg

द फॉलोअप डेस्क

रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-3 मार्केट में चोरों ने एक साथ चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता मंगलवार सुबह उस वक्त चला, जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। ताले टूटे देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद दुकानदारों ने धुर्वा थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी दुकानों का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ चोरों का सुराग लगाने के लिए मार्केट और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

लगातार चोरी से दुकानदारों में डर

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, सेक्टर-3 मार्केट में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी चोरों ने इसी इलाके में एक साथ कई दुकानों को निशाना बनाया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में डर और नाराजगी है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से धुर्वा क्षेत्र, खासकर सेक्टर-3 मार्केट में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि रात के समय नियमित पुलिस निगरानी होने से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Tags - Ranchi Crime Dhurwa Sector 3 Market Shop Theft Burglary Ranchi Police CCTV Jharkhand Crime Theft Case