logo

रांची के लाइट हाउस परिसर की समस्याओं को लेकर जनकल्याण समिति गठित, 19 जून को अगली बैठक

WhatsApp_Image_2026-06-16_at_5_57_26_PM.jpeg

रांची 
धुर्वा स्थित लाइट हाउस परिसर में रहने वाले लाभुकों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें नियमित पानी सप्लाई, सीवरेज जाम और वर्तमान केयर-टेकर की मनमानी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई। लाभुकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की लड़ाई के लिए सर्वसम्मति से लाइट हाउस जनकल्याण समिति का गठन किया गया है। इस बैठक में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए राजद प्रवक्ता कैलाश यादव को समिति का मुख्य संयोजक मनोनीत किया गया। इसके साथ ही, लाभुकों की समस्याओं को दूर करने के लिए एक 5-सूत्रीय मांग प्रस्ताव भी पारित किया गया है।समिति का गठन और नवनियुक्त पदाधिकारी
बैठक की अध्यक्षता लाभुक निर्मला देवी ने की। इस दौरान भारी संख्या में लाभुक सदस्य मौजूद थे, जिन्होंने सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का चुनाव किया। समिति में निम्नलिखित पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुमार रणविजय, चंदा मुखर्जी, कमलेश प्र, गोपी, विजय सिंह, सुजीत कुमार, सागर-डे, द्वारिका गिरी, जुली कुमारी, सुमित्रा मिश्रा, निर्मला गोप, अंजू द्विवेदी सहित कई अन्य सदस्य शामिल हैं। लाभुकों का दर्द बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे लोग
बैठक में मुख्य संयोजक कैलाश यादव ने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का एक ड्रीम प्रोजेक्ट था, लेकिन महज 2 वर्षों में ही यहाँ की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। लाभुकों ने शिकायत की कि वर्तमान केयर-टेकर सुधीर तिवारी द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर मासिक लाखों और वार्षिक करोड़ों रुपये की उगाही की जा रही है, इसके बावजूद लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। पानी की कमी से सीवरेज जाम हो रहे हैं, टॉयलेट-बाथरूम गंदे पड़े हैं और दो लिफ्ट होने के बावजूद केवल एक का ही संचालन मनमाने ढंग से किया जा रहा है, जिससे बीमार और बुजुर्ग लोगों को भारी परेशानी हो रही है।वादे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर
कैलाश यादव ने याद दिलाया कि इस प्रोजेक्ट के तहत लाभुकों को 315 वर्ग फीट का घर, सोलर स्ट्रीट लाइट, 2 और 4 पहिया वाहनों के लिए पार्किंग, हाई-स्पीड लिफ्ट, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, कौशल विकास केंद्र, बहुद्देशीय हॉल और अग्निशामक जैसी आधुनिक सुविधाएं देने का वादा किया गया था। लेकिन आज की तारीख में लाभुकों के साथ सरासर अन्याय हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं को लेकर वे जल्द ही नगर प्रशासक और उच्च पदाधिकारियों से बात करेंगे।19 जून को जगन्नाथपुर चौक पर अगली महत्वपूर्ण बैठक
लाइट हाउस परिसर की इस बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है कि रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए 'लाइट हाउस जनकल्याण समिति' के तमाम नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक 19 जून 2026 शनिवार को दोपहर 3:00 बजे जगन्नाथपुर चौक स्थित हॉल में आयोजित की जाएगी।लाभुकों द्वारा पारित 5-सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. लाभुकों के आवास को निबंधित कर उन्हें मालिकाना हक दिया जाए।
2. नियमित पानी सप्लाई, निर्बाध बिजली, सीवरेज की सफाई और छत पर लगे सोलर सिस्टम की सप्लाई को सुचारू किया जाए।
3. फ्लैट में लगी दोनों लिफ्टों को तत्काल 24 घंटे के लिए प्रारंभ किया जाए।
4. एकरारनामा के अनुसार परिसर में मैरेज हॉल और 10 मार्केट का निर्माण किया जाए।
5. फर्जी फ्लैट नंबर का नामकरण कर सोसाइटी चला रहे वर्तमान केयर-टेकर सुधीर तिवारी की मनमानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
 

Tags - RanchiNews PMAYLightHouse PublicGrievance RanchiDhurwa JanKalyanSamiti